ऑपरेशन त्रिनेत्र में लगातार तीसरे दिन तस्कर पर वार, बेगूं में 50 लाख की संपत्ति फ्रीज
चित्तौड़गढ़, 07 जून (हि.स.)। ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत चित्तौड़गढ़ पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी रही। बेगूं थाना पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी से अर्जित करीब 50 लाख रुपए मूल्य की चल-अचल संपत्ति को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68(एफ)(1) के तहत फ्रीज कराया है। इससे पहले पारसोली थाना पुलिस ने एक तस्कर की 50 लाख और निकुंभ थाना पुलिस ने दूसरे तस्कर की करीब 1 करोड़ रुपए की अवैध संपत्ति फ्रीज कराई थी।
जिला पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि आईजी उदयपुर रेंज गौरव श्रीवास्तव के आदेश पर अवैध मादक पदार्थों की धरपकड़ के लिए ऑपरेशन त्रिनेत्र चलाया जा रहा है। बेगूं डिप्टी बेगूं अंजली सिंह के सुपरविजन में बेगूं पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस की जांच के सामने आया कि आरोपी बालकिशन पुत्र कन्हैयालाल धाकड़ निवासी रामपुरिया, थाना बेगूं के खिलाफ पुलिस थाना नागल जिला अंबाला हरियाणा और पुलिस थाना बेगूं में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हैं। बालकिशन ने तस्करी से अवैध रूप से संपत्ति अर्जित की थी। पुलिस ने ग्राम रामपुरिया तहसील बेगूं स्थित खसरा नंबर 669 के मकान और एक ट्रैक्टर को चिह्नित कर 6 मई 2026 को फ्रीजिंग के लिए कॉम्पिटेंट ऑथोरिटी एडमिनिस्ट्रेटर सफेम-एनडीपीएस एक्ट दिल्ली को प्रस्ताव भेजा था।सुनवाई के बाद कॉम्पिटेंट ऑथोरिटी ने बालकिशन धाकड़ के मकान और ट्रैक्टर को फ्रीज करने का स्थाई अनुमोदन आदेश जारी कर दिया। फ्रीज की गई संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब 50 लाख रुपए है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी कमलचंद मीणा, एएसआई हीरालाल, गीतलाल, हेड कांस्टेबल भगवानलाल सहित पूरी टीम शामिल रही। पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि किसी को भी मादक पदार्थ तस्करी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी हो तो वह तुरंत नजदीकी पुलिस थाना, कंट्रोल रूम या नारको टिप हेल्पलाइन नंबर पर सूचित करे। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

