शादी का वादा कर बनाया शारीरिक संबंध, सिपाही बनने पर दूसरे से की सगाई; युवती की शिकायत पर एसीपी ने शुरु की जांच
कानपुर, 10 अगस्त (हि.स.)। बिठूर थाना क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने उत्तर प्रदेश पुलिस में कांस्टेबल पद पर तैनात युवक पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से मुकरने का आरोप लगाया है। युवती ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
युवती के मुताबिक वर्ष 2019 में औरैया के बिधूना निवासी युवक उसके घर में किराए का कमरा लेकर रहता था। युवक दूध का कारोबार भी करता था। इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। युवती का आरोप है कि युवक ने शादी का वादा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।
तहरीर के मुताबिक, 13 जुलाई 2021 को युवक रात में उससे मिलने उसके घर आया था। परिजनों के विरोध पर उसने हाथ-पैर जोड़कर शादी की इच्छा जताई। उस समय युवती नाबालिग थी। आरोप है कि युवक ने बालिग होने के बाद शादी करने का भरोसा दिया, जिसके बाद परिजनों ने भी शिकायत नहीं की।
युवती ने बताया कि साल 2025 में युवक का उत्तर प्रदेश पुलिस में सिपाही पद पर चयन हो गया। इसके बाद उसने बातचीत कम कर दी। यह भी आरोप है कि उसने युवती का मोबाइल नंबर ब्लॉक करने के साथ ही उसे सामाजिक माध्यमों पर भी ब्लॉक कर दिया। बाद में युवती को पता चला कि युवक ने किसी दूसरी युवती से सगाई कर ली है और जल्द शादी होने वाली है।
युवती का आरोप है कि उसने युवक के घरवालों और रिश्तेदारों से मिलकर शादी कराने की गुहार लगाई, लेकिन उसकी बात नहीं सुनी गई। उसने यह भी आरोप लगाया कि युवक ने जाति का हवाला देते हुए शादी से इनकार किया।
युवती ने बिठूर थाने से लेकर एसीपी कल्याणपुर और पुलिस कमिश्नर कार्यालय तक शिकायत की, लेकिन सुनवाई न होने का आरोप लगाते हुए अब पुलिस महानिदेशक कार्यालय में तहरीर देकर एफआईआर दर्ज कराने की मांग की है।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने सोमवार को बताया कि एसीपी कल्याणपुर को मामले की जांच सौंपी गई है। आरोपित कांस्टेबल को पूछताछ और अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया है। पीड़िता से भी उपलब्ध साक्ष्य लिए गए हैं। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी कांस्टेबल वर्तमान में अमेठी में तैनात बताया जा रहा है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

