प्रोफेसर का अपहरण कर यूपीआई से कराए एक लाख रुपये ट्रांसफर, एक आराेपित गिरफ्तार
रायगढ़, 07 अक्टूबर (हि.स.)। रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जकेला में डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर को अपहरण कर जान से मारने की धमकी देते हुए एक लाख रुपये स्थानांतरण करा लिए। पुलिस ने त्वरित कर्रवाई करते हुए बुधवार को एक आरोपित को गिरफ्तार कर स्थानांतरण कराई गई रकम को सुरक्षित कराया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपितों ने इवनिंग वॉक पर निकले प्रोफेसर कपुरचंद गुप्ता (उम्र 49 वर्ष) को रास्ते में पकड़कर आंखों पर पट्टी बांधी और चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी देते हुए मोटरसाइकिल से अज्ञात स्थान पर ले गए। इसके बाद आरोपिताें ने मारपीट कर उनके मोबाइल फोन, पासवर्ड तथा गूगल पे और भीम एप से संबंधित जानकारी हासिल की और एक महिला से संपर्क कर उसका क्यूआर कोड मंगवाकर प्रोफेसर के खाते से करीब एक लाख रुपये ट्रांसफर कराए। इसके बाद आरोपितों ने पीड़ित को भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी स्थित एक कमरे में ले जाकर बंधक बनाकर रखा।
मामले की जानकारी मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह ने पुसौर पुलिस को प्रोफेसर की सकुशल बरामदगी एवं आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए तत्काल निर्देशित किया। पुसौर पुलिस ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर प्रोफेसर की सकुशल दस्तयाबी की और एक आरोपित को आज हिरासत में लेकर आरोपितों के लूट के इरादे से ट्रांसफर कराए गए रकम को सुरक्षित कराया है।
घटना के संबंध में पीड़ित कपुरचंद गुप्ता निवासी जकेला ने बताया कि 05 अक्टूबर की शाम करीब 06 से 07 बजे के बीच वह गांव में डीपापारा एवं शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहा था। थकान लगने पर वह सड़क किनारे स्थित डबरी के पास माइलस्टोन पत्थर पर बैठकर आराम कर रहा था। इसी दौरान दो व्यक्ति उसके पास आए और उसे पकड़कर डबरी की ओर ले गए। आरोपितों ने उसकी आंखों पर पट्टी बांध दी तथा पेट, गर्दन और छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मोटरसाइकिल से उसे किसी अन्य स्थान (ग्राम पंडरीपानी थाना भूपदेवपुर) पर ले जाकर मारपीट करते हुए मोबाइल फोन का पासवर्ड, गूगल पे एवं भीम एप का पासवर्ड हासिल कर लिया।
इधर, पीड़ित के परिजनों को घटना पर संदेह होने पर उन्होंने अपने स्तर पर लोकेशन का पता लगाया और पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों के वहां पहुंचने की भनक लगते ही आरोपित मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुसौर थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और पीड़ित को सकुशल रेस्क्यू कर थाना लाया गया।
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल आरोपितों की पतासाजी शुरू की और रातभर आरोपितों की पतासाजी करते हुए आज ग्राम जकेला निवासी आरोपित सुनील सारथी को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपित ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर प्रोफेसर के अपहरण तथा उनके यूपीआईI के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराने की योजना में शामिल होना स्वीकार किया है। मामले में पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना पुसौर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों द्वारा जिस महिला के खाते में रकम ट्रांसफर कराई गई थी, उससे संपर्क कर ट्रांसफर की गई पूरी रकम को सुरक्षित कराया है। मामले में पुलिस ने अन्य नामजद आरोपियों की पहचान कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

