home page

पुसौर में प्रोफेसर कपूर चंद्र गुप्ता के अपहरण और लूटकांड का 48 घंटे में पर्दाफाश, चार आरोपित गिरफ्तार

 | 
पुसौर में प्रोफेसर कपूर चंद्र गुप्ता के अपहरण और लूटकांड का 48 घंटे में पर्दाफाश, चार आरोपित गिरफ्तार


रायगढ़ , 09 अक्टूबर (हि.स.)। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता के अपहरण एवं लूट के सनसनीखेज मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पहले आरोपी सुनील सारथी निवासी छातामुड़ा को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। इसके बाद लगातार दबिश, पूछताछ और घेराबंदी के जरिए मामले की साजिश का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपित राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत, उसके छोटे भाई नरेंद्र उर्फ नंदू महंत तथा ग्राम औरदा निवासी दिनेश सारथी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे एवं निशानदेही पर कुल ₹99,100 नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चाकू और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस तरह पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर अपहरण और लूट की पूरी वारदात का पर्दाफाश किया।

जानकारी के अनुसार, प्रार्थी कपूर चंद गुप्ता, पिता डमरूधर गुप्ता, उम्र 47 वर्ष, निवासी ग्राम जाकेला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 5 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच वह गांव के डीपापारा एवं शोभा राइस मिल के पास इवनिंग वॉक कर रहे थे। थकान महसूस होने पर वे सड़क किनारे स्थित डबरी के पास माइलस्टोन पत्थर पर बैठकर आराम करने लगे। इसी दौरान आरोपितों ने सुनियोजित तरीके से उन्हें घेर लिया और पकड़कर डबरी की ओर ले गए। उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी गई तथा पेट, गर्दन और छाती पर चाकू लगाकर जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद आरोपितों ने उन्हें मोटरसाइकिल से दूसरे स्थान पर ले जाकर मारपीट की और मोबाइल फोन का पासवर्ड, गूगल पे और भीम यूपीआई के पासवर्ड हासिल कर लिए।

आरोपितों ने पीड़ित के मोबाइल से डिजिटल भुगतान की सुविधा का दुरुपयोग करते हुए एक महिला के खाते का QR कोड मंगवाया और अलग-अलग ट्रांजेक्शन के माध्यम से रकम ट्रांसफर कराई। पुलिस विवेचना में सामने आया कि आरोपितों ने पीड़ित के खाते की उपलब्ध ट्रांजेक्शन लिमिट समाप्त होने तक रकम निकालने की कोशिश की। इस दौरान पीड़ित को धमकाकर उसके घर फोन भी करवाया गया, ताकि परिजनों को किसी अनहोनी का संदेह न हो। रकम ट्रांसफर कराने के बाद ने पीड़ित की आंखों पर दोबारा पट्टी बांधी और उसे थाना भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम पंडरीपानी में एक कमरे में बंधक बनाकर रखा।

इधर, पीड़ित के परिजनों को फोन पर बातचीत के दौरान संदेह हुआ तो उन्होंने अपने स्तर पर जानकारी जुटाई और ग्राम पंडरीपानी पहुंच गए। परिजनों एवं ग्रामीणों के पहुंचने की भनक लगते ही आरोपी पीड़ित को छोड़कर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस पुलिस टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ित को सकुशल मुक्त कराकर थाने लाया गया। इसके बाद पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना पुसौर में अपराध क्रमांक 256/2026, धारा 140(3), 309(6), 142 एवं 351(3) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल अलग-अलग टीमों के माध्यम से आरोपितों की तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए सुनील सारथी को सारंगढ़ क्षेत्र से पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने अपहरण की योजना बनाने के आरोप में राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत, उसके भाई नरेंद्र उर्फ नंदू महंत तथा दिनेश सारथी की तलाश तेज की। थाना प्रभारी हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार दबिश और घेराबंदी कर तीनों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपितों ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उन्होंने प्रोफेसर को नौकरीपेशा और सीधे-सादे व्यक्ति के रूप में देखकर उनके परिवार से आसानी से रकम ऐंठने की मंशा से वारदात की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपितों को घटनास्थल पर ले जाकर घटनाक्रम का रिक्रिएशन भी कराया।

आरोपितों से कुल ₹99,100 नकद बरामद किया है। इसके अतिरिक्त राजेंद्र उर्फ प्रदीप महंत से एक मोबाइल फोन, नरेंद्र उर्फ नंदू महंत से दो मोबाइल फोन, दिनेश सारथी से एक चाकू तथा उसकी निशानदेही पर ग्राम पंडरीपानी से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई है। जब्त सामग्री को प्रकरण में साक्ष्य के रूप में लिया गया है। सुनील सारथी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया की जा रही है, जबकि शेष तीन आरोपितों राजेंद्र उर्फ प्रदीप महंत, दिनेश सारथी एवं नरेंद्र उर्फ नंदू महंत को पुलिस रिमांड पर लेने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

इस मामले का खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस, उप निरीक्षक कुंदन लाल गौर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रिकेन्द्र चंद्राकर, प्रधान आरक्षक चंद्रहास नायक, आरक्षक धनुर्जय चंद बेहरा, महेश चौहान, ठंडाराम गुप्ता, तारिक अनवर, महिला आरक्षक किशोरी चौहान तथा कंप्यूटर ऑपरेटर कैलाश गुप्ता की सराहनीय भूमिका रही।

गिरफ्तार आरोपित –

सुनील कुमार विशाल उर्फ सुनील सारथी पिता बरतराम विषाल उम्र 32 वर्ष साकिन छातामुड़ा वार्ड नंबर 41 थाना जूटमिल जिला रायगढ़ (छ0ग0)

राजेन्द्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत पिता समय लाल महंत उम्र 35 वर्ष साकिन जकेला थाना पुसौर जिला

नरेन्द्र महंत उर्फ नंदू महंत पिता समय लाल महंत उम्र 34 वर्ष साकिन जकेला थाना पुसौर जिला

दिनेश सारथी पिता पैतराम सारथी उम्र 34 वर्ष साकिन औरदा थाना पुसौर जिला रायगढ़ छ0ग0

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान