home page

फरार घोषित दोषी को सीबीआई ने कुल्लू से गिरफ्तार किया

 | 
फरार घोषित दोषी को सीबीआई ने कुल्लू से गिरफ्तार किया


शिमला, 07 अगस्त (हि.स.)। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) की भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (एसीबी), शिमला ने वर्ष 2015 के एक मामले में दोषी ठहराए गए और बाद में फरार चल रहे घोषित अपराधी गोविंद राम को कुल्लू जिले के भुंतर से गिरफ्तार किया है। सीबीआई के अनुसार उसकी गिरफ्तारी वीरवार को की गई।

सीबीआई के एक प्रवक्ता ने बताया कि गोविंद राम पुत्र राम दास कुल्लू जिले के देवघरा गांव, डाकघर बारी, तहसील एवं जिला कुल्लू का निवासी है। उसे सीबीआई एसीबी शिमला द्वारा दर्ज मामले में 23 मार्च 2026 को विशेष अदालत ने दोषी ठहराया था। अदालत के आदेश के बाद वह फरार हो गया था। बाद में उसे घोषित अपराधी घोषित किया गया और उसकी तलाश जारी थी।

जांच एजेंसी के अनुसार कुल्लू का दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र और आरोपी का लगातार अपने ठिकाने बदलना उसकी गिरफ्तारी में बड़ी चुनौती बना हुआ था। सीबीआई टीम ने लगातार भौतिक निगरानी और तकनीकी माध्यमों का इस्तेमाल करते हुए उसकी गतिविधियों पर नजर रखी। इन प्रयासों के आधार पर टीम ने उसे भुंतर में पकड़ लिया।

सीबीआई ने कहा कि गिरफ्तार गोविंद राम को 7 अगस्त को शिमला स्थित विशेष सीबीआई अदालत में पेश किया जाएगा। इसके बाद अदालत के निर्देशों के अनुसार आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

बता दें कि वर्ष 2015 में पंजाब नेशनल बैंक के किसान क्रेडिट कार्ड से जुड़ी अनियमितताओं की जांच सीबीआई ने की थी। इसमें गोविंद राम भी आरोपी था। 11 वर्ष पुराने इस मामले में मार्च 2026 में अदालत ने उसे दोषी करार दिया था। इसके बाद वह फरार हो गया था और सीबीआई से बचने के लिए ठिकाने बदल रहा था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा