home page

जबलपुर में लगे फिलिस्तीन समर्थक पोस्टर, पुलिस ने तत्काल उतरवाए

 | 
जबलपुर में लगे फिलिस्तीन समर्थक पोस्टर, पुलिस ने तत्काल उतरवाए


जबलपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। ईद के मौके पर यूपी में जुलूस के दौरान कई जगह फिलिस्तीन का झंडा लहराने को लेकर विवाद की खबर के बीच मध्य प्रदेश के जबलपुर में भी फिलिस्तीन समर्थक पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है। कोतवाली थाना क्षेत्र में कोतवाली से मिलोनीगंज और नालबंद मोहल्ला रोड के बीच कुछ विद्युत खंभों पर फिलिस्तीन के समर्थन में पोस्टर लगाए गए थे। पोस्टर सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उन्हें उतरवा दिया। गुरुवार को पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है।

बताया गया है कि पोस्टरों में फिलिस्तीन के समर्थन में संदेश लिखे गए थे और लोगों से फिलिस्तीन के साथ खड़े होने की अपील की गई थी। इसकी सूचना हिंदूवादी संगठनों की ओर से पुलिस को दी गई। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी विवादित पोस्टर हटवा दिए।

पुलिस अब पोस्टरों में दिखाई दे रहे चेहरों और अन्य जानकारियों के आधार पर इन्हें लगाने वालों की पहचान करने में जुटी है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पोस्टर किसने और किस उद्देश्य से लगाए थे।

उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष भी शहर में फिलिस्तीन के समर्थन में पोस्टर और बैनर लगाए जाने का मामला सामने आया था। उस समय भी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पोस्टर-बैनर हटवा दिए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक