home page

धमतरी : बच्चों के सामने स्कूल वाहन चालक पर चाकू से हमला, मचा हड़कंप

 | 

धमतरी, 28 जुलाई (हि.स.)। धमतरी जिले के नगर पालिका कुरूद में स्कूल छुट्टी के बाद स्कूल से कुछ दूरी पर बच्चों से भरी वाहन के चालक पर अज्ञात लोगों ने सड़क पर ही दिनदहाड़े चाकू से जानलेवा हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना को देख स्कूली वाहन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। राहगीरों व लोगों ने घायल को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार जारी है। इधर घटना की खबर पर पुलिस मौके पर पहुंची और चाकूबाजों की तलाश में जुट गई है। इस घटना से बच्चों के पालकों व नगरवासियों की चिंता बढ़ गई है।

कुरूद पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भेंडरवानी निवासी वेद प्रकाश साहू कुरूद के एक निजी स्कूल का वाहन चलाते हैं। वह 28 जुलाई को शाम स्कूल से छुटटी होने के बाद वाहन में बच्चों को बिठाकर उनके घर छोड़ने निकले थे। वाहन में बच्चे सवार थे, तभी स्कूल से कुछ दूरी पर डिपो रोड स्थित सुनीलम सिनेमा कुरूद के पास एक युवक ने वाहन को रोकने कहा और चालक से गाली-गलौज शुरू कर दिया। देखते ही देखते आरोपित युवक ने चाकू निकालकर चालक के हाथ, पैर और सीने पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला में वाहन चालक वेद प्रकाश साहू गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर वाहन में सवार बच्चों में चीख-पुकार मच गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपित वहां से भाग निकले। बच्चों की आवाज पाकर राहगीर व अन्य लोगों ने वहां देखा, तो हमले में खून से लथपथ गंभीर रूप से घायल चालक को उपचार के लिए कुरूद अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार जारी है। चाकूबाजी की सूचना पर पुलिस अधिकारी-कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हमलावर को ढूंढने पुलिस जुट गई है। बताया जा रहा है कि देर शाम तक पुलिस ने आरोपित चाकूबाज को गिरफ्तार कर लिया है। इधर घायल वेदप्रकाश साहू के स्वजन की रिपोर्ट पर पुलिस अज्ञात आरोपित के खिलाफ जुर्म दर्ज कर जांच में जुट गई है। हमला करने के पीछे फिलहाल कारण अज्ञात है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा