home page

जज के फर्जी हस्ताक्षर कर कैदी को जेल से कराया रिहा, कोर्ट के तत्कालीन बाबू को सात साल की सजा

 | 
जज के फर्जी हस्ताक्षर कर कैदी को जेल से कराया रिहा, कोर्ट के तत्कालीन बाबू को सात साल की सजा


ग्वालियर, 27 नवंबर (हि.स.)। न्यायालय के आदेशों के पालन की जिम्मेदारी संभालने वाले एक कर्मचारी ने जज के फर्जी हस्ताक्षर कर कैदी को जेल से रिहा करा दिया। करीब सात साल पुराने इस मामले में अदालत ने तत्कालीन न्यायालयीन कर्मचारी पंकज तोमर को दोषी ठहराते हुए सात साल के कारावास की सजा सुनाई है।

साथ ही उस पर 27 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया है। अदालत ने माना कि सरकारी पद पर रहते हुए न्यायिक आदेशों में इस तरह की धोखाधड़ी गंभीर अपराध है और इसमें नरमी नहीं बरती जा सकती।

मामला ग्वालियर सेंट्रल जेल से फर्जी रिहाई आदेश के जरिए एक बंदी को बाहर निकालने से जुड़ा है। तत्कालीन बाबू पंकज तोमर ने न्यायाधीश के कथित फर्जी हस्ताक्षर कर रिहाई आदेश तैयार किया था। इसके आधार पर रम्मो उर्फ रामवीर को जेल से रिहा कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, रम्मो उर्फ रामवीर को 25 मई 2019 को जेल भेजा गया था। मामले की सुनवाई के दौरान उसके लगातार अनुपस्थित रहने पर तत्कालीन न्यायिक मजिस्ट्रेट ने जेल प्रशासन से उसकी स्थिति की जानकारी मांगी। 13 फरवरी 2020 को जेल प्रशासन की ओर से मिले जवाब में बताया गया कि बंदी को 5 सितंबर 2019 को ही रिहा किया जा चुका है। यह जानकारी मिलने के बाद अदालत ने रिहाई संबंधी आदेश की जांच की। आदेश पर न्यायाधीश के हस्ताक्षर फर्जी पाए गए। इसके बाद 19 फरवरी को इंदरगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई और पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

जांच के दौरान रिहाई आदेश की लिखावट और हस्ताक्षरों का परीक्षण भोपाल में हैंडराइटिंग विशेषज्ञ से कराया गया। विशेषज्ञ की रिपोर्ट में आदेश की लिखावट और हस्ताक्षर पंकज तोमर के पाए गए। हालांकि, पंकज ने फर्जी आदेश तैयार करने के आरोपों से इनकार किया था। अदालत में सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने विशेषज्ञ की रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्य प्रस्तुत किए।

बचाव पक्ष ने दलील दी कि यह पंकज तोमर का पहला अपराध है, इसलिए सजा में नरमी बरती जानी चाहिए। हालांकि, अदालत ने इस मांग को स्वीकार नहीं किया और आरोपित को सभी संबंधित धाराओं में दोषी ठहराते हुए सात साल के कारावास की सजा सुनाई। इसके साथ ही 27 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। जुर्माने की पूरी राशि जमा नहीं करने पर दोषी को 18 माह की अतिरिक्त कैद भुगतनी होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा