अंतरिम जमानत पर छूटा बंदी फरार, जेल प्रशासन ने दर्ज कराया केस
चित्तौड़गढ़, 06 मई (हि.स.)। जिला जेल चित्तौड़गढ़ से 30 दिन की अंतरिम जमानत पर रिहा होने के बाद एक बंदी वापस जेल में हाजिर नहीं हुआ और फरार हो गया। जेल प्रशासन की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। पूर्व में भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं। लेकिन ऐसे आरोपिताें की पुनः गिरफ्तारी नहीं हुई है।
कोतवाली थाने के एएसआई अर्जुन लाल के बताया कि थाने पर जेल प्रहरी वेदप्रकाश पुत्र शोभाराम चौधरी ने इस संबंध में रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट के अनुसार कपासन के भंवरकियां निवासी गोवर्धन पुत्र मदन लाल जाट अंतरिम जमानत की अवधि पूरी होने के बाद भी जिला जेल में उपस्थित नहीं हुआ। पुलिस ने गोवर्धन जाट के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपित फिलहाल फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है। गौरतलब है कि जेल से अंतरिम जमानत पर रिहा होने के बाद बंदियों के फरार होने का यह कोई पहला मामला नहीं है। पिछले एक साल में ही ऐसे करीब आधा दर्जन मामले सामने आ चुके हैं। अंतरिम जमानत पर छूटने के बाद कई बंदी तय समय पर जेल नहीं लौटे और फरार हो गए। सूत्रों के अनुसार फरार होने वाले बंदियों में अधिकांश एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार आरोपित शामिल हैं। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से जेल प्रशासन की कार्य प्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अखिल

