रायपुर : अंबेडकर अस्पताल से पुलिस जवानों को चकमा देकर भागा कैदी, मचा हड़कंप
रायपुर, 24 मार्च (हि.स.)। हत्या के प्रयास के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा कैदी साहेब कुमार ताती इलाज के दौरान आज मंगलवार को अंबेडकर अस्पताल से हथकड़ी समेत फरार हो गया है। फरारी की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पूरे शहर में अलर्ट जारी कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, कैदी साहेब कुमार ताती को जेल से इलाज के लिए डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा) लाया गया था। इसी दौरान उसने पुलिस जवानों को चकमा देते हुए फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि आरोपित हथकड़ी में होने के बावजूद पुलिस की निगरानी से बच निकला। साहेब कुमार ताती मूल रूप से बिहार के जमुई जिले का निवासी है। उसे गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। विशेष न्यायालय ने 2 जनवरी 2026 को उसे आजीवन कारावास और 10 वर्ष सश्रम कारावास की सजा सुनाई थी। उस पर जुर्माना भी लगाया गया था। वह पिछले एक वर्ष से अधिक समय से जेल में बंद था।
घटना के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपित की तलाश शुरू कर दी है। मौदहापारा थाना पुलिस सहित कई टीमों को सक्रिय कर आसपास के क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया जा रहा है। शहर के प्रवेश और निकास मार्गों पर भी निगरानी बढ़ा दी गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

