home page

सेंट्रल जेल में मोबाइल और तंबाकू का पैकेट फेंकने वाले को जेल प्रहरियों ने पकड़ा

 | 
सेंट्रल जेल में मोबाइल और तंबाकू का पैकेट फेंकने वाले को जेल प्रहरियों ने पकड़ा


जयपुर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। लाल कोठी थाना इलाके में स्थित जयपुर सेंट्रल जेल के वार्ड नंबर 10 में शनिवार दोपहर मोबाइल और तंबाकू का पैकेट फेंकने का मामला सामने आया। जेल की निगरानी में तैनात सिविल ड्रेस के प्रहरियों ने घेराबंदी कर एक युवक को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। जेल प्रशासन ने आरोपित को पुलिस के हवाले कर शिकायत दी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

थानाधिकारी श्याम सुन्दर (एसआई ) के अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे जेल प्रहरी जसवंत, निरंजन और राजेन्द्र जेल की पिछली सीमा के पास कसाई मोहल्ले में निगरानी कर रहे थे। इसी दौरान बाइक पर आए दो युवकों ने जेल के वार्ड नंबर 10 की दीवार के ऊपर से मोबाइल और तंबाकू का पैकेट फेंक दिया। निषिद्ध सामग्री फेंकते देखकर प्रहरियों ने दोनों को पकड़ने के लिए घेराबंदी की।

प्रहरियों ने बाइक चला रहे शादाब पुत्र अयाज अहमद को पकड़ लिया, जबकि पीछे बैठा उसका साथी सोहेल उर्फ कालू पुत्र मोहम्मद शकील खान मौके से भाग निकला। प्रहरियों ने पकड़े गए आरोपित, बाइक और फेंके गए संदिग्ध पैकेट को पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस ने जेल प्रशासन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पकड़े गए आरोपित से पूछताछ की जा रही है, वहीं फरार साथी की तलाश जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश