home page

निजी स्कूल के प्रिंसिपल पर छात्र से मारपीट का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला

 | 
निजी स्कूल के प्रिंसिपल पर छात्र से मारपीट का आरोप, पुलिस ने दर्ज किया मामला


शिमला, 02 जून (हि.स.)। शिमला जिले के जुब्बल क्षेत्र में एक निजी स्कूल के प्रिंसिपल पर 13 वर्षीय छात्र से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार छात्र के पिता की शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस में दी गई शिकायत के मुताबिक जुब्बल तहसील के एक व्यक्ति का 13 वर्षीय बेटा पिछले तीन-चार वर्षों से जुब्बल स्थित एक निजी स्कूल के छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा है। वह वर्तमान में आठवीं कक्षा का छात्र है।

शिकायत में पीड़ित छात्र के पिता ने बताया है कि 24 अप्रैल 2026 को उन्हें दूसरे अभिभावक से जानकारी मिली कि उनके बेटे के पैर में खेलते समय चोट लगी है। इसके बाद वह उसे उपचार के लिए रोहड़ू के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां जांच में घुटने के पास मांसपेशी में चोट (मसल टियर) पाई गई और पैर में प्लास्टर चढ़ाया गया। परीक्षाएं चल रही होने के कारण छात्र को दोबारा छात्रावास में छोड़ दिया गया।

परीक्षाएं समाप्त होने के बाद 4 मई को उसे घर लाया गया और स्वास्थ्य में सुधार होने पर 11 मई को फिर से छात्रावास भेज दिया गया। शिकायत के अनुसार 15 मई को स्कूल के एक कर्मचारी ने फोन कर बताया कि छात्र के पैर में फिर से तेज दर्द हो रहा है। इसके बाद उसे सिविल अस्पताल रोहड़ू ले जाया गया, जहां दोबारा जांच में मांसपेशी में चोट पाए जाने पर पैर में फिर से प्लास्टर लगाया गया।

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि 23 मई को उन्हें एक अन्य छात्र ने फोन कर बताया कि स्कूल के प्रिंसिपल अरुण ने छात्रावास के गलियारे में टूटे हुए बाथरूम के नल को लेकर उनके बेटे की पिटाई की। शिकायत के अनुसार प्रिंसिपल ने बच्चे को लात-घूंसों से मारा, जमीन पर गिराया और उसके पहले से घायल पैर पर जूते से वार किया। यह भी आरोप लगाया गया है कि घटना के बारे में परिवार को न बताने के लिए बच्चे को धमकाया गया।

शिकायत में कहा गया है कि इस घटना को स्कूल के कुछ शिक्षक और छात्रावास में रहने वाले अन्य छात्रों ने भी देखा था।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर जुब्बल थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। मामला भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2) और 351(2) तथा किशोर न्याय अधिनियम, 2015 की धारा 75 के तहत दर्ज किया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा