राघोपुर में प्रिंस हत्याकांड का एक और आरोपी गिरफ्तार, पुलिस की कार्रवाई तेज
सुपौल, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के राघोपुर थाना क्षेत्र में बहुचर्चित प्रिंस हत्याकांड को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में राघोपुर पुलिस ने गुरुवार को एक और नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान धरहारा वार्ड संख्या 13 निवासी अजय चौधरी के रूप में हुई है।
राघोपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार राय ने बताया कि कांड संख्या 277/25 के सुपरविजन के दौरान अजय चौधरी की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद गुरुवार की रात पुलिस टीम ने छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 16 जुलाई 2025 की है, जब किसनपुर थाना क्षेत्र के मधूरा निवासी युवक प्रिंस की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था। सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शुरुआती दौर में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि हत्या के बाद अपराधियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था। बाद में पुलिस ने कोरियापट्टी के तिलावे धार से प्रिंस का सिर और धड़ अलग-अलग जगहों से बरामद किया था।
इस जघन्य हत्याकांड में कई लोगों को नामजद किया गया है। पुलिस लगातार फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि सुपरविजन के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान भी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। लगातार हो रही कार्रवाई से साफ है कि पुलिस इस हत्याकांड को लेकर गंभीर है और सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाने के लिए प्रतिबद्ध है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

