किसान की हत्या मे मुख्य आरोपी गिरफ्तार
-वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद
हमीरपुर 31 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के राठ कोतवाली पुलिस ने ग्राम कैथा में आपसी विवाद के दौरान हुई हत्या के मामले में शुक्रवार को मुख्य वांछित आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है। आरोपित को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
थाना प्रभारी अनूप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि 29 जुलाई को ग्राम कैथा में मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में पता चला कि गांव निवासी वीरपाल (55) पर आपसी विवाद के दौरान कुल्हाड़ी से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल वीरपाल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया।
मृतक के पुत्र विपिन राजपूत की तहरीर पर थाना राठ में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में द्रगसिंह, रोहित, मोहित, कमलेश राजपूत और कृष्णपाल समेत पांच आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई।
शुक्रवार को पुलिस ने मामले के मुख्य वांछित आरोपित द्रगसिंह (58) निवासी ग्राम कैथा को कैथा सदर नहर पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद हुई, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर साक्ष्य के रूप में सुरक्षित कर लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित को न्यायालय में पेश कर विधिक कार्रवाई पूरी की गई है। वहीं, मामले में नामजद अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

