home page

शांति भंग होने की आशंका पर चार युवक किए गिरफ्तार

 | 
शांति भंग होने की आशंका पर चार युवक किए गिरफ्तार


शिमला, 11 जून (हि.स.)। शिमला के उपनगर संजौली में झगड़े की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि घटना के कारण क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी, जिसके चलते आरोपियों के खिलाफ निवारक कार्रवाई की गई।

पुलिस के अनुसार 10 जून को पुलिस थाना संजौली को सूचना मिली थी कि तांत्या पार्किंग क्षेत्र में कुछ युवक दो अन्य युवकों के साथ झगड़ा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद संबंधित युवकों को हिरासत में ले लिया गया।

प्रारंभिक जांच में पुलिस ने पाया कि विवाद के चलते क्षेत्र में शांति भंग होने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना थी। इसे देखते हुए पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 126 और 170 के तहत निवारक कार्रवाई अमल में लाई।

पुलिस ने चारों युवकों को 10 जून को गिरफ्तार किया और नियमानुसार उन्हें अदालत में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक शांति भंग करने वाले मामलों में आगे भी सख्ती से कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा