home page

घर से सोना निकलवाने का झांसा देकर 5 लाख की ठगी, छह आरोपित गिरफ्तार

 | 
घर से सोना निकलवाने का झांसा देकर 5 लाख की ठगी, छह आरोपित गिरफ्तार


कांकेर, 30 जून (हि.स.)। जिले के बांदे थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में रिपोर्ट दर्ज होने के महज चार दिन के भीतर अंधविश्वास का फायदा उठाकर घर से सोना निकलवाने और बीमारी दूर करने का झांसा देकर पांच लाख रुपये की ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के 6 आरोपिताें 1. भोला गवते, 2. मुकेश सोनेश्वर 3. शिवागिरी 4. लिलाधर शिवाजी वाघमारे उर्फ निलेश, 5. परमेश्वर एकनाथ उर्फ देवा, 6. दिनेश सोनेश्वर को महाराष्ट्र से गिरफ्तार कर आज मंगलवार काे कांकेर लाया गया। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से ठगी की 4 लाख 96 हजार रुपये की रकम भी बरामद कर ली है।

बांदे पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामला बांदे थाना क्षेत्र के पीवी-104 दीपनगर के पीड़ित बलराम सरकार के घर एक व्यक्ति साधु के वेश में पांच पैर वाले नंदी बैल के साथ पहुंचा और घर में गड़ा सोना होने और परिवार की बीमारी दूर करने का झांसा दिया। उसने महंगी आयुर्वेदिक भस्म खरीदने और विशेष पूजा कराने की बात कहकर पीड़ित से पहले 52 हजार रुपये और बाद में 4 लाख 44 हजार रुपये की दवा खरीदवा दी। पूजा-पाठ के दौरान कथित कलश निकालकर उसे सोने से भरा बताया गया और डराया गया कि, बिना अनुमति खोलने पर परिवार के किसी सदस्य की मौत हो जाएगी। बाद में जब पीड़ित ने कलश खोला तो उसमें सोने की जगह पीतल की मूर्तियां निकलीं। खुद के साथ ठगी होने का एहसास होने पर उसने बांदे थाने में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलते ही बांदे थाना पुलिस और साइबर सेल ने आरोपियों की लोकेशन ट्रेस कर महाराष्ट्र के नागपुर और गढ़चिरौली क्षेत्र में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान छह आरोपिताें को गिरफ्तार किया गया। आरोपिताें के पास से ठगी की पूरी 4 लाख 96 हजार रुपये की राशि और घटना में प्रयुक्त एक पिकअप वाहन भी जब्त किया गया। पुलिस ने सभी आरोपिताें के विरूद्ध कार्यवाही उपरांत आज न्यायालय के समक्ष पेश करने रवाना कर दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे