home page

जंगल में प्रेमी संग घूमने गई नाबालिग प्रेमिका से गैंगरेप में दो गिरफ्तार

 | 
जंगल में प्रेमी संग घूमने गई नाबालिग प्रेमिका से गैंगरेप में दो गिरफ्तार


चित्रकूट, 16 जुलाई (हि.स.)। अपने प्रेमी के बुलावे पर जंगल गई एक आदिवासी नाबालिग को तीन युवकों ने पकड़ लिया। उसी के दुपट्टे से प्रेमी के हाथ-पैर बांध दिए और उसके साथ सामूहिक दुराचार किया। बाद में आरोपित उसे कर्वी में छोड़ गए। किसी तरह वह घर पहुंची और फिर पुलिस को जानकारी दी गई। पुलिस ने नाबालिग किशोरी के प्रेमी सहित गैंगरेप के एक आरोपित को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने गुरुवार काे बताया कि 14 जुलाई को नाबालिग किशोरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया था कि 13 जुलाई की दोपहर वह अपने पुरुष मित्र जिन्नू कोल के बुलावे पर गई थी। दोनों झरी फाटक से आगे कच्चे रास्ते से जंगल की ओर गए। वहां जिन्नू ने अपनी बाइक खड़ी कर दी। जंगल के अंदर चेकडैम के पास पहुंचे। वहां तीन युवकों को नहाते देख दोनों दूसरी ओर जाने लगे।

किशोरी के अनुसार, तीनों ने उनको देख लिया और असलहा दिखाकर रोक लिया। तीनों युवक प्रेमी युगल को जंगल के अंदर ले गए। बताया कि युवकों ने उसके दुपट्टे से जिन्नू के दोनों हाथ पीछे की ओर बांध दिए और उसे झाड़ी के पीछे ले जाकर बारी- बारी से दुराचार किया। पुलिस ने झरी फाटक के पास से जिन्नू को गिरफ्तार किया।

सीसीटीवी फुटेज और जिन्नू की निशानदेही पर अखिलेश उर्फ जरैला पुत्र कल्लू प्रसाद निवासी कबरई थाना कोतवाली देहात (बांदा) को भी पकड़ा गया। अखिलेश उर्फ जरैला ने बताया कि अखिलेश उर्फ पटेल पुत्र शिवपूजन और लल्लू उर्फ लाला पुत्र जगजीत वर्मा निवासी कबरई भी गैंगरेप में शामिल थे। पुलिस इन दोनों की तलाश कर रही है।

मौका पाकर भाग निकला था जिन्नू

किशोरी ने बताया कि दो युवक जिन्नू की बाइक से खाने पीने की चीजें लेने चले गए। एक युवक उनकी रखवाली करता रहा। मौका पाकर जिन्नू भाग गया। तीनों आरोपी उसे 3-4 घंटे रोके रहे फिर बाइक से मारकुंडी से हनुमानधारा होते हुए कुछ देर रामघाट पर रुके। इसके बाद कर्वी में पेट्रोल पंप के पास छोड़ दिया। धमकी दी कि किसी को मत बताना नहीं तो जान से मार देंगे।

किशोरी ने बताया कि किसी तरह वह मानिकपुर पहुंची और वहां से गांव पहुंचते-पहुंचते उसको रात हो गई। दूसरे दिन सुबह उसने थाने में जाकर घटना की जानकारी दी। पीड़िता ने बयान में यह भी बताया कि जिन्नू भी उसके साथ संबंध बनाता रहा है। इस पर रिपोर्ट में जिन्नू कोल पुत्र रघुनंदन का नाम भी जोड़ा गया। पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह ने बताया कि अभियुक्तों के पास से घटना में प्रयुक्त मोटर साइकिल, जामा तलाशी से एक अदद मोबाइल भी बरामद हुआ है। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओजी निरीक्षक एम0पी0 त्रिपाठी, मानिकपुर थाना प्रभारी अजीत कुमार पाण्डेय आदि शामिल रहें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रतन पटेल