उज्जैन में गर्भवती महिला ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
उज्जैन, 15 मार्च (हि.स.)। मध्यप्रदेश के उज्जैन में न्यू अशोक नगर मे रहने वाली गर्भवती महिला ने दुपट्टे से फंदा बनाकर फांसी लगा ली। एक साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था। घटना के समय घर में कोई नहीं था। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में लिया है।
नीलगंगा थाना पुलिस ने बताया कि न्यू अशोक नगर में रहने वाली निर्मला पति मायापुरी 31 वर्ष ने रविवार सुबह अपने घर के बाथरूम में दुपट्टे का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव फंदे से नीचे उतारा और पीएम के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि निर्मला का मायका आगर-मालवा जिले के सुसनेर में है। एक साल पहले उसने मायापुरी से प्रेम विवाह किया था। दोनों न्यू अशोक नगर में किराए के मकान में रह रहे थे। निर्मला सात माह की गर्भवती भी थी।
मामूली बात पर हुई थी नाराज
पुलिस ने बताया कि मृतका का पति माया पुरी गुना जिले का रहने वाला है और उज्जैन में आशीर्वाद गार्डन में काम करता है। शनिवार रात वह करीब दो बजे काम से घर लौटा था। उस समय निर्मला ने उससे अंतरजातीय विवाह करने पर मिलने वाली सरकारी सहायता के लिए आवश्यक दस्तावेज बनवाने की बात कही थी। उसने कहा था कि इस संबंध में गुना जाकर दस्तावेज बनवा लेगा। गार्डन में काम अधिक होने के कारण उसने कुछ समय बाद गुना चलने की बात कही थी। इसी बात को लेकर निर्मला नाराज हो गई थी। संभवत: इसी कारण से उसने आत्महत्या की होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

