पांच लाख रुपये के लिए गर्भवती महिला को मारपीट कर घर से निकाला, रिपोर्ट दर्ज
पीड़िता की तहरीर पर पति समेत आठ ससुराली जनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
हमीरपुर, 03 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले के सुमेरपुर कस्बे में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर पति सहित अन्य ससुरालीजनों ने गर्भवती विवाहिता को मारपीट करके घर से निकाल दिया। शुक्रवार को पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित आठ अन्य को नामजद करके दहेज के लिए प्रताड़ित करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
सुमेरपुर कस्बे के देवगांव मार्ग निवासी अंतिमा साहू ने मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि वह मौदहा कस्बे के फत्तेपुरवा की निवासी है। उसकी शादी कस्बा निवासी नवनीत साहू के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही पति ननद कंचन एवं पिंकी के इसारे पर 05 लाख अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर आए दिन शराब पीकर मारपीट करने लगा। पति ने इस कृत्य में चचिया ससुर बृजभान, देवर नीरज, धीरज, दीपू, जगदीश साथ देते रहे। पति अपने मित्र रज्जन वर्मा के साथ हम बिस्तर होने के लिए मजबूर करता रहा। जब वह इसके लिए तैयार नहीं हुई तब सभी ने उसे तीन मार्च को जमकर मारा पीटा और जेवरात, कपड़े आदि छीनकर घर से निकाल दिया जबकि वह चार माह की गर्भवती है। पुलिस ने पिडिता की तहरीर पर पति सहित आठ अन्य को नामजद करके दहेज उत्पीड़न सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। सुमेरपुर थाना प्रभारी अनूप सिंह ने शुक्रवार को शाम बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच कराई जा रही है। जल्द ही आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

