तीन दर्जन से ज्यादा मामलों में शामिल चोर सामान के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार
नई दिल्ली, 28 मार्च (हि.स.)। पूर्वी जिले के प्रीत विहार थाना पुलिस ने एक शातिर चोर को चोरी के सामान के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित की पहचान सोहन कालिया (30) के रूप में हुई है। जांच में पता चला है कि आरोपित पहले भी 35 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है।
पूर्वी जिले के पुलिस उपायुक्त राजीव कुमार ने शनिवार को बताया कि 25 मार्च, 2026 को अब्दुल अपने घर पार्क एंड कॉलोनी, विकास मार्ग पहुंचे तो देखा कि मुख्य गेट खोलने के बाद अंदर के दरवाजे के ताले टूटे हुए थे और घर से सामान गायब था। इसी दौरान उन्होंने एक संदिग्ध व्यक्ति को हरे रंग का बैग लेकर बालकनी के पास देखा। शक होने पर जब उन्होंने आवाज लगाई तो आरोपित भागने लगा।
तुरंत स्थानीय लोगों और बीट स्टाफ की मदद से आरोपित का पीछा किया गया और विकास मार्ग स्थित कर्करी मोड़ के पास उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से चोरी किया गया घरेलू सामान बरामद हुआ। पुलिस ने मौके पर ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त के अनुसार इस संबंध में प्रीत विहार थाने में एफआईआर संख्या 67/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान शिकायतकर्ता ने बताया कि उसके घर से ज्वेलरी सेट, कैमरा डीवीआर, इनवर्टर-बैटरी, बाथरूम फिटिंग्स और तांबे-पीतल के बर्तन भी चोरी हुए हैं। पुलिस अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपित नशे का आदी है और अपनी लत पूरी करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह आर्म्स एक्ट, लूट, झपटमारी, वाहन चोरी और अन्य चोरी के 35 से ज्यादा मामलों में शामिल रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

