घर लौट रहे ज्वेलर से हथियार के बल पर लूट, 75 ग्राम सोना और तीन लाख नकद ले उड़े बदमाश
नई दिल्ली, 04 मई (हि.स.)। पूर्वी दिल्ली के प्रीत विहार थाना क्षेत्र में रविवार देर रात घर लौट रहे एक ज्वेलर से हथियार के बल पर लूटपाट का मामला सामने आया है। बदमाश ज्वेलर से उसकी स्कूटी, मोबाइल फोन, 75 ग्राम सोने के आभूषण और तीन लाख रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपिताें की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की पहचान लक्ष्मी नगर स्थित गुरु राम दास नगर निवासी सुकुमार धारा के रूप में हुई है, जो मंडावली इलाके में ज्वेलरी की दुकान चलाते हैं। शिकायत के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 से 10:45 बजे के बीच वह दुकान बंद कर अपनी एक्टिवा स्कूटी से घर लौट रहे थे। जब वह मधुबन रोड स्थित अमूल डेयरी के पास पहुंचे, तभी अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने हथियार दिखाकर पहले उनका मोबाइल फोन छीना और फिर स्कूटी लेकर फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि स्कूटी की डिग्गी में 75 ग्राम सोने के जेवरात और करीब तीन लाख रुपये नकद रखे हुए थे, जिन्हें भी बदमाश अपने साथ ले गए।
घटना की सूचना मिलते ही प्रीत विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित की शिकायत पर लूट व आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई। पूर्वी जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपिताें की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच प्राथमिकता के आधार पर की जा रही है और जल्द आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

