पार्किंग विवाद में हत्या: दो और आरोपित गिरफ्तार, मुख्यारोपित रिमांड पर
नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के प्रीत विहार इलाके में पार्किंग विवाद के चलते हुई हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात में नोएडा सेक्टर-121 निवासी पंकज नैय्यर (34) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जिससे इलाके में भारी आक्रोश है।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए आरोपितों की पहचान मुख्य आरोपित गौरव शर्मा के दोस्त सुनिल शर्मा (41) और उसके सौतेले बेटे सिद्धार्थ शर्मा के रूप में हुई है। जांच में सामने आया है कि घटना के दौरान सिद्धार्थ ने पंकज और उसके साथी पारस के साथ मारपीट की थी और उसने ही गौरव को गोली चलाने के लिए उकसाया था।
बताया जा रहा है कि दोस्तों और बेटे के उकसावे में आकर गौरव शर्मा ने पंकज पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद भी आरोपित ने दो से तीन राउंड फायरिंग की, हालांकि एक ही गोली पंकज को लगी, जो जानलेवा साबित हुई। पुलिस ने मंगलवार को मुख्य आरोपित गौरव को कड़कड़डूमा कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे तीन दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अब गौरव से पूछताछ कर वारदात में इस्तेमाल पिस्टल बरामद करने का प्रयास कर रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह अवैध पिस्टल उसने वर्ष 2021 में अपने बड़े भाई से ली थी। साथ ही पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपित और किन-किन मामलों में शामिल रहा है। जानकारी के अनुसार, गौरव पहले गुजरात के अहमदाबाद में जीएसटी से जुड़े एक मामले में दो माह जेल भी काट चुका है। जांच अधिकारी ने बताया कि सिद्धार्थ गौरव की दूसरी पत्नी का बेटा है और वह उसी के साथ रहता है। पुलिस ने मामले में अन्य दो आरोपितों की भी पहचान कर ली है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
इधर, हत्या के बाद इलाके में आक्रोश व्याप्त है। सोमवार देर रात परिजनों ने प्रीत विहार थाने के बाहर प्रदर्शन कर आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग की। मंगलवार शाम को पंकज को न्याय दिलाने के लिए ए-ब्लॉक से मेन रोड तक कैंडल मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। लोगों ने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सभी आरोपितों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी

