पीआरडी जवान को 44 थप्पड़ जड़ने वाले चार आरोपित गिरफ्तार
लंगड़ाते हुए थाने में हाथ जोड़कर मांगी माफी
झांसी, 31 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित नवाबाद थाना क्षेत्र में पीआरडी जवान के साथ हुई मारपीट और लूटपाट के मामले में पुलिस ने रविवार को चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद चारों आरोपी थाने में हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए।
उन्होंने कान पकड़कर अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि उनसे बड़ी भूल हो गई है और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा नहीं करेंगे।
मामला 29 मई की रात का है, जब प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवान दयाशंकर वर्मा को कुछ युवकों ने बीच चौराहे पर घेर लिया था। लेन-देन के विवाद को लेकर शुरू हुए इस विवाद में आरोपियों ने जवान का गिरेबान पकड़कर बेरहमी से पिटाई की थी। बाद में घटना का 6 मिनट 8 सेकंड का वीडियो सामने आया, जिसमें जवान को लगातार थप्पड़ और लात-घूंसों से पीटते हुए देखा गया। वीडियो के अनुसार करीब छह मिनट में उसे 44 थप्पड़ मारे गए थे।
मोठ के अमरा गांव निवासी दयाशंकर वर्मा वर्तमान में मंडी सचिव के आवास पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात हैं। उन्होंने बताया कि मां के इलाज के लिए उन्होंने कुछ समय पहले गोलू के पिता से 35 हजार रुपये उधार लिए थे। बाद में आरोपी पक्ष ने 10 प्रतिशत ब्याज की मांग शुरू कर दी और लगातार दबाव बनाने लगा। दयाशंकर का कहना है कि वह कुछ रकम पहले ही लौटा चुके थे और शेष भुगतान के लिए 10 जून तक का समय मांगा था।
पीड़ित के अनुसार, 29 मई की शाम ड्यूटी के दौरान गल्ला मंडी के पास स्थित दुकान से सामान लेते समय ऋषभ, गोलू और उनके साथ आए अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने न केवल मारपीट की बल्कि उनकी वर्दी फाड़ दी, बेल्ट तोड़ दी और जेब में रखे 1700 रुपये भी लूट लिए। बाद में उन्हें जबरन बाइक पर बैठाकर ले जाया गया और रास्ते में भी पीटा गया।
नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में प्रशांत वर्मा उर्फ गोलू, ऋषभ वर्मा, मोहित अमरैया और अमित वर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए 1700 रुपये भी बरामद कर लिए हैं। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

