home page

प्रयागराज में 59.40 लाख रुपये की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार

 | 
प्रयागराज में 59.40 लाख रुपये की स्मैक के साथ युवक गिरफ्तार


प्रयागराज, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित झूंसी थाना एवं नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त पुलिस ने बुधवार को एक युवक को 297 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। बरामद की गई स्मैक की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित 59.40 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित झूंसी थाना क्षेत्र के सोनौटी गांव निवासी राजा यादव है।इसकी गिरफ्तारी मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत नारकोटिक्स टास्क फोर्स अपराध शाखा और थाना झूंसी पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार को किया। गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 297 ग्राम स्मैक (भुरभुरा तथा कुछ ठोस/पाउडरनुमा रूप में) बरामद हुई है । इसके अलावा स्मैक की बिक्री से प्राप्त 860 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना झूंसी में मु.अ.सं. 264/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला और उससे जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। मामले में नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध पूर्व में भी थाना थरवई में आपराधिक मामला दर्ज है।

इस कार्रवाई में नारकोटिक्स टास्क फोर्स के प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश गिरि के नेतृत्व में टीम के सदस्य विशाल सिंह, नंदलाल सिंह, कुलदीप सिंह एवं पुष्पेंद्र तेवतिया तथा थाना झूंसी से उपनिरीक्षक जयराम सरोज, उपनिरीक्षक सचिन तंवर सहित पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम शामिल रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल