खेत में लगे झटका तार में आया करंट, चाचा-भतीजे की मौत, आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रयागराज, 08 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित बहरिया थाना क्षेत्र के खालसा गांव में बुधवार शाम करंट लगने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों के शव कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की। पुलिस ने परिवार की तहरीर पर गांव के ही रहने वाले पिता एवं पुत्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि बहरिया थाना क्षेत्र के खालसा गांव निवासी कमलेश (28) पुत्र सीताराम बुधवार को अपने भतीजे अर्पित पुत्र सुरेन्द्र के साथ धान की रोपाई के लिए जा रहे थे। रास्ते में मकाई के खेत में लगाए गए विद्युततार से प्रवाहित हो रहे करंट की चपेट में आ गए और दोनों की मौत हो गई। घटना की जानकारी होते ही परिजन पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दोनों के शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। इस संबंध में परिवार के लोगों ने तहरीर देकर आरोप लगाया है कि गांव के ही निवासी नागेन्द्र और उसके पिता विनय ने खेत में जानवरों को रोकने के लिए विद्युत तार लगाया हुआ था, जिसमें वह करंट जानबूझकर चालू कर दिया। पुलिस टीम ने इस संबंध में मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

