प्रयागराज : रिश्वत लेते दो लेखपाल गिरफ्तार
प्रयागराज, 26 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम ने गुरुवार को प्रयागराज के लखनऊ मार्ग शिवपुर गांव के समीप एक लाख रुपये घूस लेते हुए दो लेखपालों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपितों के खिलाफ शिवकुटी थाने में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
भ्रष्टाचार निवारण संगठन प्रयागराज इकाई के ट्रैप टीम के प्रभारी अलाउद्दीन अंसारी ने बताया कि रिश्वत लेते हुए पकड़े लेखपाल फतेहपुर जिले के बिंदकी थाना क्षेत्र के उमरगहना गांव निवासी राजशेखर सिंह पुत्र रामदास हालपता न्यायनगर कन्धईपुर प्रयागराज और अम्बेडकरनगर जनपद के टांडा थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर गांव निवासी जूही पुत्री स्वामीनाथ जो सोरांव तहसील में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं।
उन्होंने बताया कि प्रयागराज के नवाबगंज थाना क्षेत्र के लाई आनापुर गांव निवासी अभयराज यादव ने 24 फरवरी को लिखित शिकायत किया था कि नानी प्रभुदेवी की जमीन पर हो रहे निर्माण को न रोकने एवं आख्या रोकने के एवज में लेखपालों द्वारा एक लाख रुपये की मांग की गई है। इस शिकायत के आधार पर बनी 14 सदस्यीय ट्रैप टीम ने आज प्रयागराज लखनऊ मार्ग मलाका एवं शिवपुर गांव के समीप दोनों लेखपालों को रंगे हाथ घूस लेते हुए गिरफ्तार किया है। दोनों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए शिवकुटी थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

