प्रयागराज : एसटीएफ और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, अपहरण एवं जानलेवा हमले का आरोपित गिरफ्तार
प्रयागराज, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने गुरुवार को अंतरराज्यीय अपराधों तथा अपहरण एवं जानलेवा हमले के आरोपित को प्रयागराज से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपित के खिलाफ महाराष्ट्र के थाना नारपोली में गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। यह जानकारी गुरुवार को पुलिस उपाधीक्षक एसटीएफ प्रयागराज फील्ड इकाई शैलेश प्रताप सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि (एसटीएफ), लखनऊ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से गुरुवार को प्रयागराज के हंडिया थाना क्षेत्र में स्थित जसवां बरेठा गांव निवासी प्रशांत विश्वकर्मा उर्फ गोलू पुत्र श्यामचन्द्र विश्वकर्मा को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने उसे हंडिया थाना क्षेत्र के कटहरा बाजार से गिरफ्तार किया।
एसटीएफ पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह ने बताया कि महाराष्ट्र के थाना नारपोली में दर्ज एक मामले में आरोपित की तलाश जारी थी। महाराष्ट्र पुलिस के अनुरोध पर एसटीएफ प्रयागराज ने सूचना संकलन और स्थानीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए आरोपित की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
पूछताछ के बाद हंडिया में दाखिल किया गया तथा महाराष्ट्र पुलिस को न्यायालय में पेशी के लिए सुपुर्द कर दिया गया।
एसटीएफ ने बताया कि इस अभियान में प्रयागराज फील्ड इकाई और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने समन्वय के साथ कार्रवाई करते हुए सफलता प्राप्त की। इस कार्रवाई से अंतरराज्यीय अपराधों के विरुद्ध प्रभावी पुलिस समन्वय और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

