बच्चों के सामने पत्नी का गला रेता, फिर चाकू लेकर पहुंचा थाना
घरेलू विवाद के बीच दिनदहाड़े वारदात, गंभीर हालत में महिला एसआरएन में भर्ती; हिरासत में आरोपित
प्रयागराज, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित नगर कोतवाली थाना क्षेत्र के ठठेरी बाजार क्षेत्र में गुरुवार को घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पति ने अपनी पत्नी पर चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के समय दंपति के दो मासूम बच्चे भी मौके पर मौजूद थे। वारदात के बाद आरोपित स्वयं चाकू लेकर कोतवाली थाने पहुंच गया, जहां पुलिस ने उसे तत्काल हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक शहर के ठठेरी बाजार निवासी अभिषेक गुप्ता और उनकी पत्नी राशि गुप्ता के बीच पिछले कुछ समय से घरेलू विवाद चल रहा था। गुरुवार को दोनों के बीच कहासुनी बढ़ने पर अभिषेक ने चाकू से पत्नी के गले पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल राशि गुप्ता को सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में भर्ती कराया। घायल महिला का उपचार चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों की विस्तृत पड़ताल की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया, कोतवाली क्षेत्र में पति-पत्नी के बीच हुए घरेलू विवाद में महिला पर धारदार हथियार से हमला किए जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए एसआरएन अस्पताल भेजा गया है। आरोपित पति को हिरासत में लेकर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले में सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है तथा साक्ष्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

