home page

प्रयागराज में 25 लाख रुपये का गांजा बरामद, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार

 | 
प्रयागराज में 25 लाख रुपये का गांजा बरामद, पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार


डीसीपी गंगानगर बोले- नशा तस्करों के खिलाफ अभियान जारी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा

प्रयागराज, 30 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में हंडिया थाने की पुलिस टीम ने शनिवार को गांजा की अवैध तस्करी करने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने दोनों के कब्जे से लगभग पच्चीस लाख का गांजा एवं एक ट्रक बरामद किया है। इस संबंध में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि हंडिया थाने की पुलिस टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 102 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराज्यीय तस्करी से जुड़े दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।

अपराधियों और मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना हण्डिया और एसओजी/सर्विलांस सेल गंगानगर की संयुक्त टीम को यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी तस्कर को बख्शा नहीं जाएगा।

पुलिस टीम को सूचना मिली कि थाना हण्डिया क्षेत्र के भीटी बाजार स्थित फ्लाईओवर के पिलर नंबर-32 के पास एक ट्रक में अवैध गांजा लदा हुआ है। सूचना पर पहुंची संयुक्त पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर ट्रक की तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक में छिपाकर रखा गया 102 किलो 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ।

इस दौरान पंजाब निवासी रणजोध सिंह (37 वर्ष) और शुभम कुमार (29 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने गांजे की खेप के साथ परिवहन में प्रयुक्त ट्रक संख्या PB-06-BC-9872 तथा एक कीपैड मोबाइल फोन भी बरामद किया है।

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि वे उड़ीसा से गांजे की खेप लेकर वाराणसी पहुंचे थे। वहां से उन्हें फोन पर निर्देश देकर मिर्जापुर ले जाने के लिए कहा गया था। भदोही के आगे भीटी फ्लाईओवर के पास वे किसी व्यक्ति के आने का इंतजार कर रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि गांजा तस्करी से मिलने वाली रकम को आपस में बांट लिया जाता था।

इस संबंध में थाना हण्डिया में मु0अ0सं0 257/2026 के तहत धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपितों और मुख्य सरगना की तलाश में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल