home page

प्रयागराज : प्रतिबंधित झटका करंट तार से दो की मौत मामले में एक आरोपित गिरफ्तार

 | 
प्रयागराज : प्रतिबंधित झटका करंट तार से दो की मौत मामले में एक आरोपित गिरफ्तार


प्रयागराज, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित बहरिया थाने की पुलिस टीम ने अवैध रूप से बिजली के करंट से जुड़े फेंसिंग तार (झटका तार) की चपेट में आने से दो लोगों की हुई मौत के मामले में गुरुवार को एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत दी।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपित बहरिया थाना क्षेत्र के खालसा गांव निवासी नागेन्द्र बहादुर सिंह पुत्र पृथ्वीपाल सिंह है। इसके खिलाफ बुधवार को थाना बहरिया में धारा 105 भारतीय न्याय संहिता के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस टीम ने आरोपित को सरायगनी मोड़ स्थित ईदगाह के पास से गिरफ्तार किया। इसके साथ ही आरोपित के खिलाफ विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई है।

डीसीपी कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि ग्राम खालसा में खेतों की फसल को मवेशियों से बचाने के लिए अवैध तरीके से बिजली के करंट से जुड़े फेंसिंग तार लगाए गए थे। इसी करंटयुक्त तार की चपेट में आने से बुधवार काे दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना बहरिया में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी मानवेन्द्र कुमार सिंह, वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमित कुमार सिंह, उपनिरीक्षक भप्पी सोनी तथा मुख्य आरक्षी रामचन्द्र वर्मा शामिल रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल