यमुना नदी में मिला चार दिन से गायब छात्रा का शव
प्रयागराज, 22 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित कीडगंज थाना क्षेत्र में स्थित यमुना नदी में बुधवार को बारहवीं की छात्रा का शव पाया गया। वह घर से चार दिन पहले स्कूल जाने के लिए बताकर निकली और गायब हो गई। पुलिस की सूचना पर उसके परिजन भी पहुंचे । पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया उसकी मौत पानी में डूबने से हुई है। फिर भी मृत्यु का स्पष्ट कारण जानने के लिए पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि प्रयागराज जिले के करछना थाना क्षेत्र के सुलमई गांव निवासी मानसी निषाद (17) पुत्री दिलीप निषाद का शव बुधवार को नए यमुना ब्रिज के समीप नदी में पाया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को नदी से बाहर निकलवाया और उसकी पहचान का प्रयास किया। हालांकि उसके पास से मिली डायरी एवं आधार कार्ड के माध्यम से परिवार से पुलिस टीम ने सम्पर्क किया और उसकी पहचान हो गई। पूछताछ के दौरान परिवार के लोगों ने बताया कि वह चार दिन पहले घर से स्कूल जाने के लिए निकली और वापस नहीं लौटी। जाते समय बताया था कि अपनी बहन के घर झूंसी जा रही है,लेकिन जब पता किया गया तो वह वहां नहीं पहुंची थी। उसके बाद से खोजबीन की जा रही थी।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

