home page

वाहन हटाने के विवाद में मारी गोली, जिला पंचायत सदस्य समेत सात के खिलाफ मुकदमा

 | 
वाहन हटाने के विवाद में मारी गोली, जिला पंचायत सदस्य समेत सात के खिलाफ मुकदमा


प्रयागराज, 05 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित होलागढ़ थाना क्षेत्र में वाहन हटाने को लेकर हुए विवाद में कार सवार लोगों ने ट्रक चालक के भाई को गोली मार दी। घटना में युवक घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

होलागढ़ थाना क्षेत्र के कस्तूरीपुर गांव निवासी ट्रक मालिक एवं चालक राम आसरे यादव बुधवार को गांव के बाहर अपना ट्रक धुल रहे थे। इसी दौरान गांव निवासी नीरेश मिश्रा अपनी कार लेकर घर से निकल रहे थे। ट्रक हटाने को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हो गई। बताया गया है कि विवाद के बाद नीरेश मिश्रा अपने घर लौट गए और कुछ देर बाद सात–आठ लोगों के साथ दोबारा मौके पर पहुंच गए।

आरोप है कि इस दौरान कार सवारों ने राम आसरे यादव और उनके परिजनों के साथ मारपीट की तथा फायरिंग कर दी। गोली लगने से राम आसरे यादव के भाई घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल अस्पताल भिजवाया।

पीड़ित राम आसरे यादव की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार रात जिला पंचायत सदस्य समेत सात नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने बताया कि वाहन हटाने को लेकर विवाद के बाद मारपीट व फायरिंग की घटना सामने आई है। तहरीर के आधार पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल का इलाज कराया जा रहा है तथा आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल