हत्या मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार, दर्ज हैं 25 मुकदमे
प्रयागराज, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित जार्जटाउन थाने की पुलिस टीम ने गुरुवार को हत्या मामले में फरार चल रहे आरोपित को गिरफ्तार किया। पुलिस का कहना है कि अब तक इसके खिलाफ 25 आपराधिक मुकदमे दर्ज हुए हैं।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित सोरांव थाना क्षेत्र के सेवइत गांव निवासी सुधीर भारतीया पुत्र स्वर्गीय ओमप्रकाश भारतीया है। हालांकि वर्तमान में जार्जटाउन थाना क्षेत्र के अल्लापुर में रह रहा था।
पुलिस के अनुसार आरोपित के खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर, एनडीपीएस, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कुल 25 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर विद्यावाहिनी बस स्टैंड के पास से गिरफ्तार किया। वह थाना जार्जटाउन में दर्ज हत्या और एससी/एसटी एक्ट से संबंधित मुकदमे में वांछित था।
पुलिस का कहना है कि इसके खिलाफ वर्ष 2016 से 2025 तक जार्जटाउन, कीडगंज, कर्नलगंज, दारागंज, थरवई और सरायममरेज समेत विभिन्न थानों में कुल 25 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर एक्ट, विस्फोटक अधिनियम, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के मामले शामिल हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम मे थाना प्रभारी जार्जटाउन निरीक्षक बब्बन राम, हेड कांस्टेबल शकील अहमद खान तथा आरक्षी शैलेश कुमार प्रसाद शामिल रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

