जानलेवा हमला मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार, दर्ज हैं 21 मुकदमे
प्रयागराज, 23 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित पूरामुफ्ती थाने की पुलिस टीम ने गुरुवार को जानलेवा हमला मामले में फरार चल आरोपित को गिरफ्तार किया। अब तक इसके खिलाफ 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस उपायुक्त नगर मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित नगर के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के अहमदपुर असरौली गांव निवासी शाहे जमन है। इसके खिलाफ हत्या के प्रयास, धोखाधड़ी, गैंगस्टर, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न मामलों में कुल 21 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि शाहे जमन पूरामुफ्ती को मुखबिर की सूचना पर जीटी रोड स्थित मंदर मोड़ के पास एक कार्यालय के पीछे से गिरफ्तार किया गया। वह थाना पूरामुफ्ती में दर्ज एक मामले में वांछित चल रहा था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ वर्ष 2008 से 2026 तक प्रयागराज और कौशाम्बी के विभिन्न थानों में कुल 21 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें हत्या के प्रयास, मारपीट, धोखाधड़ी, जालसाजी, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा एक्ट, आर्म्स एक्ट, गोवध अधिनियम और अन्य गंभीर धाराओं के मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया और जेल भेज दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

