home page

नाबालिग को धमकाकर जेवरात मंगवाने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, बिक्री से मिले 20,300 रुपये व मोबाइल बरामद

 | 
नाबालिग को धमकाकर जेवरात मंगवाने वाले दो आरोपित गिरफ्तार, बिक्री से मिले 20,300 रुपये व मोबाइल बरामद


प्रयागराज, 18 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित फूलपुर थाने की पुलिस टीम ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए नाबालिग को जान से मारने की धमकी देकर घर से जेवर मंगवाने के मामले के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी के आभूषण बेचकर प्राप्त 20,300 रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। यह जानकारी पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।

गिरफ्तार आरोपितों में फूलपुर थाना क्षेत्र के लोचनगंज निवासी आजाद धईकार तथा बौड़ई कटौता गांव निवासी विजय कुमार सोनी है। पुलिस टीम ने इस मामले में एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया है। पुलिस टीम ने शनिवार को पराशिनपुर नहर पुलिया चौराहा से मनिकापुर जाने वाली सड़क के पास से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार, आरोपितों ने वादी के नाबालिग पुत्र को जान से मारने की धमकी देकर उसके माध्यम से घर में रखे जेवरात मंगवाए थे। इस संबंध में थाना फूलपुर में मुकदमा दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके पास से जेवर बेचकर प्राप्त 20,300 रुपये और एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई को थाना फूलपुर के उपनिरीक्षक संतोष कुमार राय के नेतृत्व में कांस्टेबल श्रीश कुमार मिश्रा, विनोद कुमार, राजेश राय एवं प्रेम सागर ने सफलतापूर्वक अंजाम दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल