प्रयागराज के बहरिया पुलिस टीम ने नष्ट किया 12 लाख का गांजा
-ऑपरेशन दहन के तहत 24.450 किलोग्राम गांजा किया गया नष्ट
प्रयागराज, 19 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में स्थित बहरिया थाना पुलिस टीम ने रविवार को ऑपरेशन दहन के तहत 24.450 किलोग्राम गांजा नष्ट किया। यह जानकारी रविवार को पुलिस उपायुक्त गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने दी।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष अभियान ऑपरेशन दहन के तहत कमिश्नरेट प्रयागराज की नारकोटिक्स टास्क फोर्स (अपराध शाखा) और थाना बहरिया पुलिस ने मादक पदार्थों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 24.450 किलोग्राम अवैध गांजा का विधिवत विनष्टीकरण (दहन) किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 12 लाख 22 हजार 500 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, थाना बहरिया पुलिस ने पूर्व में मादक पदार्थ तस्करों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद कर संबंधित अभियुक्तों को गिरफ्तार किया था। बरामद मादक पदार्थ को विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) भेजा गया, जहां जांच में उसके गांजा होने की पुष्टि हुई। विवेचना पूरी कर न्यायालय में आरोप पत्र भी दाखिल किया जा चुका है। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम की धारा 52-ए के तहत न्यायालय की अनुमति प्राप्त कर तथा पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश एवं पुलिस महानिरीक्षक, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स से विनष्टीकरण की स्वीकृति मिलने के उपरांत उच्च स्तरीय समिति की निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
करीब तीन घंटे चली इस कार्रवाई में वायु प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से मान्यता प्राप्त प्रक्रिया के तहत भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पूरे 24.450 किलोग्राम अवैध गांजा को आग में जलाकर पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

