प्रतापपुर में अंधे कत्ल का खुलासा, कुल्हाड़ी से हत्या करने वाला गिरफ्तार
एक सप्ताह पहले हुआ था विवाद, आपसी रंजिश में वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार; घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद
सूरजपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मरहट्टा मनवारडांड में हुई 35 वर्षीय श्रीलाल अगरिया की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। 11 सितंबर की रात धारदार हथियार से हत्या के बाद पुलिस ने जांच शुरू की थी। आज शनिवार को पुलिस ने मामले में एक आरोपित को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है।
सूरजपुर पुलिस ने आज शनिवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, श्रीलाल अगरिया ग्राम पलड़ा थाना प्रतापपुर का रहने वाला था और वर्तमान में ग्राम दुरती में रह रहा था। 11 सितंबर की रात अज्ञात व्यक्ति ने धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलने पर प्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मामले में अपराध क्रमांक 270/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में अपराध दर्ज कर अज्ञात आरोपित की तलाश शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हत्या से करीब एक सप्ताह पहले श्रीलाल का आनंद अगरिया के साथ विवाद हुआ था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने संदेही आनंद अगरिया पिता दलपति, उम्र 35 वर्ष, निवासी कनकनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आनंद अगरिया ने आपसी रंजिश के चलते कुल्हाड़ी से हमला कर श्रीलाल की हत्या करने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल के निर्देश पर की गई कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी प्रतापपुर अनूप एक्का के मार्गदर्शन में हुई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश पुरैना सहित पुलिस टीम की भूमिका रही।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

