home page

प्रतापगढ़ : प्रेम प्रसंग में अधेड़ की हत्या, खड़ंजा पर खून से लथपथ मिला शव

 | 

प्रतापगढ़, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के परदहा सुमेर गांव में प्रेम प्रसंग के शक में एक अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मंगलवार सुबह गांव के खड़ंजे पर 50 वर्षीय जिलाजीत उर्फ जिल्लू का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की हत्या की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

जिलाजीत सोमवार रात घर से निकला था। मंगलवार सुबह उसका शव गांव के खड़ंजे पर पड़ा मिला। शरीर पर मारपीट के निशान मिलने से उसकी पीट-पीटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग को वारदात की वजह माना जा रहा है। बताया जा रहा है कि इसी शक को लेकर अधेड़ के साथ मारपीट की गई, जिसमें उसकी जान चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही सीओ पट्टी प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर ग्रामीणों से पूछताछ की। मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद गांव में तनाव और तरह-तरह की चर्चाओं का माहौल है।

सीओ पट्टी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर हत्या की वजह तथा घटना में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी