प्रतापगढ़ : पुलिस मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 07 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में आसपुर देवसरा थाना पुलिस और स्पेशल टीम ने चोरी की घटना का खुलासा करते हुए मुठभेड़ के दौरान गुरुवार रात एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी डब्लू वर्मा के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात के अलावा .315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और दो खोखे बरामद किए गए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक कुमार मिश्रा ने बताया कि आसपुर देवसरा पुलिस व स्पेशल टीम जलपा नहर, सैफाबाद के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार डब्लू वर्मा पुत्र द्वारिका प्रसाद निवासी पड़री मुश्तर्का, थाना कंधई को रोकने का प्रयास किया गया।
पुलिस का दावा है कि टीम को देखते ही आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर जान से मारने की नीयत से फायर कर भागने का प्रयास किया। पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की और आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर जिला अस्पताल भेजा गया।
आरोपित के पास से संबंधित मुकदमे में चोरी गए सोने एवं चांदी के जेवरात तथा वारदात में प्रयुक्त तमंचा व कारतूस बरामद हुए हैं। मामले में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
एक आरोपी पहले ही पकड़ा जा चुका है। इसी मुकदमे में पुलिस ने छह अगस्त को वाहन चेकिंग के दौरान गोविंद सिंह पुत्र सुरेश बहादुर सिंह निवासी गोड़े, थाना कोतवाली नगर को भी मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार किया था।
उसके कब्जे से भी चोरी के सोने-चांदी के जेवरात और अवैध तमंचा-कारतूस बरामद किए गए थे। पुलिस के मुताबिक मामले में आसपुर देवसरा पुलिस और स्पेशल टीम की संयुक्त कार्रवाई जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी

