home page

प्रणय हत्याकांड के मुख्य आरोपी कारु डॉन ने किया न्यायालय में आत्मसमर्पण

 | 

नवादा,05 सितंबर (हि.स.)नवादा। जिले के हिसुआ थाना क्षेत्र के पांचूक गढ़ मोहल्ले में एक सितंबर 26 को हुए चर्चित प्रणय भारती हत्याकांड के मुख्य आरोपी नीरज कुमार उर्फ कारू डॉन ने शनिवार को नवादा न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। मुख्य आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। पुलिस पिछले कई दिनों से उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी।

बताया जाता है कि हत्याकांड के बाद पुलिस पर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर काफी दबाव था। मगध क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक विकास वैभव के निर्देश और वरीय अधिकारियों के दबाव के बीच पुलिस टीम लगातार कार्रवाई में जुटी थी। पुलिस ने महज तीन दिनों के भीतर ही मुख्य आरोपी के विरुद्ध न्यायालय से कुर्की-जब्ती का वारंट भी प्राप्त कर लिया था। इसके बाद आरोपी पर गिरफ्तारी का दबाव और बढ़ गया।

इधर, पुलिसिया दबिश और सामाजिक दबाव के कारण नीरज कुमार उर्फ कारू डॉन ने आखिरकार न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। न्यायालय में आत्मसमर्पण के बाद पुलिस ने उसे अपनी अभिरक्षा में ले लिया। इसके बाद भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उसे नवादा मंडल कारा भेज दिया गया।

नवादा के पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान ने बताया कि मुख्य आरोपी ने पुलिस की लगातार दबिश के कारण न्यायालय में आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने कहा कि हत्याकांड में शामिल अन्य नामजद प्राथमिकी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मुख्य आरोपी के आत्मसमर्पण के बाद पुलिस अब हत्याकांड के अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले की जांच को आगे बढ़ाने में जुट गई है। चर्चित हत्याकांड में मुख्य आरोपी के आत्मसमर्पण से पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन