home page

यमुनानगर:घर में घुसकर बिजली तारें चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार

 | 
यमुनानगर:घर में घुसकर बिजली तारें चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार


यमुनानगर, 16 मार्च (हि.स.)। सेक्टर-17 हुड्डा थाना पुलिस ने घर में घुसकर बिजली की तारें चोरी करने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी से संबंधित सामान भी बरामद किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के निर्देशानुसार जिले में अपराध और अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सेक्टर-17 हुड्डा थाना की टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि सेक्टर-17 हुड्डा निवासी गौरव ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके मकान में चौकीदारी का काम करने वाली महिला ने सूचना दी कि अज्ञात व्यक्ति घर में घुसकर बिजली की तारें काटकर ले गए हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान उप निरीक्षक दलबीर सिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी सागर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि चोरी की गई तारें उसने अपने दो साथियों करण पवार और दीपक शर्मा को बेचने के लिए दे दी थीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। उनकी निशानदेही पर जलाई हुई बिजली की तारें बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों का चोरी की अन्य घटनाओं से कोई संबंध तो नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार