home page

शहीद एक्सप्रेस आग हादसा : बैग में रखी पोटाश की वजह से आग लगने की आशंका

 | 
शहीद एक्सप्रेस आग हादसा : बैग में रखी पोटाश की वजह से आग लगने की आशंका


- प्रारंभिक जांच में बैग में रखी पोटाश के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही

मुरादाबाद, 24 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद रेल मंडल के बिंदकी-नगीना स्टेशन के बीच शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में शुक्रवार देर रात्रि आग लगने की घटना की जांच में नई बात सामने आई है। जिस बैग में आग लगी थी, उसमें पोटाश और गन मिली है। प्रारंभिक जांच में बैग में रखी पोटाश के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पोटाश में विस्फोट होने से आवाज भी हुई होगी। मामले में मुरादाबाद रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में शनिवार को मुकदमा दर्ज किया गया है। आरपीएफ बैग को फोरेंसिक जांच के लिए भेजेगी, जिससे आग लगने के वास्तविक कारणों और बैग में रखी सामग्री की पुष्टि हो सके। मिली जानकारी के अनुसार हरियाणा के गोविंदगंज से गोरखपुर जा रहे दीपक अपनी पत्नी और बच्चों के साथ ट्रेन में सफर कर रहे थे। एस-6 कोच में उनकी सीट संख्या 66 और 67 आरक्षित थी। इसी सीट के पास बैग रखा हुआ था।

शहीद एक्सप्रेस के स्लीपर कोच एस-6 में शुक्रवार रात आग लगने से यात्रियों में अफरातफरी मच गई गई थी। घटना नगीना रेलवे स्टेशन के पास रात्रि 11ः15 बजे हुई थी। कोच में धुआं भरने पर करीब 80 यात्री नीचे उतर गए थे। आग की चपेट में आने से कुछ यात्रियों के बैग जल गए थे। ट्रेन में मौजूद अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग बुझाई गई थी। रेलवे की टीम ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद कोच को सामान्य कर दिया था। इसके बाद रात 11ः50 बजे ट्रेन को मुरादाबाद के लिए रवाना कर दिया गया था। घटना के कारण रेल लाइन करीब आधे घंटे तक बाधित रही थी। इससे ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ।

उत्तर रेलवे के मुरादाबाद रेल मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि शहीद एक्सप्रेस के एस-6 कोच में जिस बैग में आग लगी थी, उसमें पोटाश और गन मिली है। मामले में मुरादाबाद आरपीएफ में मुकदमा दर्ज किया गया है। कोच में हमारे इलेक्ट्रिक वायर चार्जिंग पॉइंट सभी ठीक मिले हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल