home page

सोशल मीडिया पर लाइटर पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट करना युवक को पड़ा भारी, पुलिस ने की कार्रवाई

 | 
सोशल मीडिया पर लाइटर पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट करना युवक को पड़ा भारी, पुलिस ने की कार्रवाई


रायपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर हथियार जैसी दिखने वाली वस्तुओं के साथ फोटो साझा करना एक युवक को महंगा पड़ गया। रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में पुलिस ने लाइटर पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, सूचना मिली थी कि एक युवक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लाइटर पिस्टल के साथ अपनी तस्वीर अपलोड की है। सूचना के सत्यापन के बाद युवक की पहचान मठपुरैन बीएसयूपी कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय राहुल छतरी के रूप में हुई।

जांच और पूछताछ में यह सामने आया कि, युवक ने सोशल मीडिया पर लाइटर पिस्टल के साथ फोटो पोस्ट किया था। पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए उसके विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद आरोपित को सहायक पुलिस आयुक्त न्यायालय में पेश किया गया।

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस का कहना है कि, सोशल मीडिया पर हथियार अथवा हथियार जैसी वस्तुओं के साथ फोटो और वीडियो पोस्ट कर लोगों में भय या भ्रम फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर