ऑपरेशन साइबर शील्ड: फर्जी सिम बेचने वाले दो पीओएस एजेंट गिरफ्तार
रायपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। ऑपरेशन साइबर शील्ड के तहत रायपुर रेंज पुलिस ने आज मंगलवार को फर्जी सिम कार्ड बेचने वाले दो पीओएस (पॉइंट ऑफ सेल) एजेंटों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपितों में एक मध्यप्रदेश के छतरपुर और दूसरा छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ का निवासी है। पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज अमरेश मिश्रा के निर्देशन में साइबर अपराधों के खिलाफ यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, आरोपितों द्वारा बेचे गए फर्जी सिम कार्ड का इस्तेमाल यूट्यूब पर अश्लील वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने और कौन बनेगा करोड़पति में इनाम का झांसा देकर साइबर ठगी करने जैसे मामलों में किया गया था।
जांच के दौरान मोबाइल सेवा प्रदाता कंपनियों से प्राप्त जानकारी, तकनीकी विश्लेषण तथा साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपितों की पहचान की गई। उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि, नया सिम लेने या सिम पोर्ट कराने आए ग्राहकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया के दौरान डबल थंब स्कैन और आई ब्लिंक का दुरुपयोग कर अतिरिक्त सिम सक्रिय कर देते थे। वहीं, आधार कार्ड की फिजिकल कॉपी मिलने पर डी-केवाईसी के जरिए भी अतिरिक्त सिम जारी कर लेते थे। बाद में इन सिम कार्डों को अधिक कीमत पर साइबर अपराधियों को बेच दिया जाता था।
गिरफ्तार आरोपितों में उमेश प्रजापति (23), निवासी ग्राम मनकारी, जिला छतरपुर (मध्यप्रदेश) तथा मनोज देवांगन (29), निवासी प्रकाशपुर चिचोला, जिला खैरागढ़ (छत्तीसगढ़) शामिल हैं। दोनों अपने-अपने क्षेत्रों में मोबाइल दुकानों का संचालन करते थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

