home page

तालाब में मिला अधेड़ व्यक्ति का शव, शराब पार्टी करने वालों पर संदेह

 | 
तालाब में मिला अधेड़ व्यक्ति का शव, शराब पार्टी करने वालों पर संदेह


बांदा, 24 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में अतर्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बल्लान के माणी का पुरवा में शनिवार सुबह शिव बाबा तालाब में 52 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान कल्लू उर्फ पल्लू वर्मा पुत्र अयोध्या वर्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने रात में तालाब की भीट पर शराब पार्टी करने वाले लोगों पर संदेह जताया है।

जानकारी के अनुसार, कल्लू वर्मा राजमिस्त्री का काम करता था और अपने भाई शिवमिलन के साथ रहता था। उसकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। मृतक के नाम करीब एक बीघा कृषि भूमि भी है, जिस पर वह खेती करता था। बताया जाता है कि शुक्रवार रात चार लोगों ने शिव बाबा तालाब की भीट पर बैठकर शराब पार्टी की थी। शनिवार सुबह तालाब में कल्लू का शव मिलने की खबर से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों ने रात में शराब पीने वाले लोगों पर संदेह व्यक्त किया है।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को तालाब से बाहर निकलवाकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाली प्रभारी राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि तालाब में शव मिलने की सूचना पर पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। परिजनों की तहरीर मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह