पॉलीटेक्निक छात्र ने साथियों पर लगाया मारपीट का आरोप, एफआईआर
शिमला, 15 मार्च (हि.स.)। शिमला जिले में एक पॉलीटेक्निक छात्र ने अपने कुछ साथियों पर मारपीट करने और कमरे में बंद कर धमकाने का आरोप लगाया है। छात्र का कहना है कि पैसों के विवाद के बाद उसे एक कमरे में बंद कर कई बार पीटा गया और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई। पुलिस ने छात्र की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 13 मार्च की रात की है। शिकायतकर्ता छात्र सुजल राणा प्रगति नगर स्थित एबीवीजीआईईटी (अटल बिहारी वाजपेयी गवर्नमेंट इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी) में पॉलीटेक्निक का छात्र है। उन्होंने पुलिस को दिए बयान में कहा कि रात करीब 10 बजे उसे एक छात्र ने फोन कर कर्मा नामक व्यक्ति के क्वार्टर में बुलाया।
छात्र के मुताबिक जब वह वहां पहुंचा तो कमरे में पहले से 7 से 8 छात्र मौजूद थे। कुछ देर बाद पैसों को लेकर उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने के बाद वहां मौजूद छात्रों ने उसे पकड़ लिया और कमरे में बंद कर दिया।
पीड़ित छात्र का कहना है कि इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई। उसने पुलिस को बताया कि उसे कई बार पीटा गया और काफी देर तक कमरे के अंदर ही बंद रखा गया। छात्र का यह भी आरोप है कि इस दौरान उसे धमकाया गया कि अगर उसने इस घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
छात्र के अनुसार वह किसी तरह वहां से बाहर निकलने में कामयाब हुआ और बाद में पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस का कहना है कि इस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि घटना के समय वहां मौजूद अन्य छात्र कौन थे और पैसों के विवाद की असली वजह क्या थी। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि छात्र को कितनी देर तक कमरे में बंद रखा गया और मारपीट की घटना किस तरह हुई।
फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों को जुटाने में लगी हुई है और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
इस मामले में पुलिस थाना कोटखाई में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस के अनुसार छात्र की शिकायत पर धारा 127(2), 115(2), 190, 191(2), 332(सी) और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

