home page

रायपुर में पुलिस का विशेष वाहन चेकिंग अभियान, 850 से अधिक वाहनों की जांच, 87 पर कार्रवाई

 | 

रायपुर, 11 जुलाई (हि.स.)। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने अपराधों की रोकथाम, दोपहिया वाहन चोरी पर अंकुश लगाने और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को शहरभर में विशेष सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।

सुबह साढे़ दस बजे से दोपहर 2 बजे तक चले इस अभियान में 850 से अधिक वाहनों की जांच की गई, जबकि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 87 वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के दौरान शहर के सभी थाना क्षेत्रों में 35 से अधिक प्रमुख चौराहों और स्थानों पर एक साथ चेकिंग प्वाइंट बनाए गए। अभियान में थाना पुलिस और यातायात पुलिस के अधिकारी एवं जवान बड़ी संख्या में तैनात रहे।

चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट, मानक के अनुरूप नंबर प्लेट नहीं लगे, आवश्यक दस्तावेजों के बिना संचालित तथा संदिग्ध परिस्थितियों में चल रहे वाहनों की विशेष रूप से जांच की गई।

पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने, वैध दस्तावेज साथ रखने और निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट लगाने की समझाइश भी दी।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के विशेष अभियान का उद्देश्य केवल नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना ही नहीं, बल्कि वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना और आम लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। उन्होंने बताया कि, शहर में ऐसे अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर