सागर में घरेलू विवाद ने लिया खूनी रूप, ससुर ने कर दी बहू की हत्या
सागर, 04 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के सागर जिले के मकरोनिया थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान एक महिला की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी ने अपनी बहू पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपित को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, वार्ड क्रमांक-7 (राम लला वार्ड) स्थित गायत्री नगर निवासी सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी रामनरेश दीक्षित अपनी पत्नी और बहू सविता दीक्षित के साथ रहते हैं। उनका पुत्र सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में कार्यरत है और वर्तमान में पश्चिम बंगाल में पदस्थ है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मंगलवार सुबह घर में सविता दीक्षित और उसकी मासूम बेटी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान बच्ची की पिटाई को लेकर ससुर रामनरेश दीक्षित ने बहू को टोका। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
पुलिस का कहना है कि विवाद के दौरान रामनरेश दीक्षित ने धारदार हथियार से बहू पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान आरोपी के हाथ में भी चोटें आई हैं। उसे उपचार के बाद पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मकरोनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया तथा घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए।
मकरोनिया थाना प्रभारी नितिन पाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद के दौरान हुई हत्या का प्रतीत होता है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

