home page

जबलपुरः कॉम्बिंग गश्त में 254 वारंट तामील वर्षों से फरार 110 गैर जमानती वारंटी गिरफ्तार

 | 
जबलपुरः कॉम्बिंग गश्त में 254 वारंट तामील वर्षों से फरार 110 गैर जमानती वारंटी गिरफ्तार


जबलपुर, 13 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में पुलिस ने शनिवार देर रात से रविवार तड़के तक जिलेभर में व्यापक कॉम्बिंग गश्त चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने दबिश देकर वर्षों से फरार चल रहे 110 गैर जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 73 गिरफ्तारी वारंट और 71 जमानती वारंट भी तामील किए गए। पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रहे आरोपियों में हड़कंप मच गया।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर रात 9 बजे से 13 सितंबर तड़के 2 बजे तक चली इस विशेष मुहिम में शहर और देहात के सभी थाना क्षेत्रों को शामिल किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर डॉ. आयुष जाखड़, एएसपी जोन-2 पल्लवी शुक्ला, एएसपी जोन-4 अंजना तिवारी, एएसपी मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा और एएसपी यातायात अखिलेश तिवारी सहित नगर पुलिस अधीक्षकों, डीएसपी और एसडीओपी के मार्गदर्शन में पुलिस टीमों ने अलग-अलग इलाकों में दबिश दी।

कॉम्बिंग गश्त के लिए प्रत्येक थाना स्तर पर अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। इन टीमों की कमान थाना प्रभारियों के अलावा उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई थी। पुलिस ने वारंटियों के संभावित ठिकानों पर अचानक दबिश देकर उन्हें पकड़ा और न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू की।

अभियान के दौरान केवल वारंटियों की धरपकड़ ही नहीं हुई, बल्कि सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी जांच की गई। देर रात सड़कों पर आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन जांच की गई।

पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना पुलिस की प्राथमिकता है। लंबे समय से कानून से बच रहे आरोपियों के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक