रायपुर: बीएसयूपी कॉलोनियों में तड़के पुलिस का सघन सत्यापन अभियान, 350 मकानों की जांच, आठ संदिग्ध हिरासत में
रायपुर, 31 जुलाई (हि. स.)। राजधानी रायपुर के थाना तेलीबांधा क्षेत्र अंतर्गत बीएसयूपी लाभांडी, बीएसयूपी तेलीबांधा (मरीन ड्राइव) और देवार डेरा में शुक्रवार सुबह पुलिस ने विशेष चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया। सुबह 4:30 बजे से 9 बजे तक चले इस अभियान में 350 से अधिक मकानों की जांच की गई। कार्रवाई में 80 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान शामिल रहे।
पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में संचालित अभियान के दौरान बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे किरायेदारों, बिना सत्यापन के किरायेदार रखने वाले मकान मालिकों और बाहरी संदिग्ध व्यक्तियों का सत्यापन किया गया।
जांच के दौरान 8 संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई। इनमें मारपीट के एक मामले में पिछले 8 माह से फरार चल रहा एक आरोपित भी शामिल है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि सभी संदिग्धों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान स्थानीय नागरिकों को समाधान मोबाइल ऐप की जानकारी भी दी गई। पुलिस ने लोगों से किरायेदार रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन कराने, किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
रायपुर पुलिस ने नागरिकों से कहा है कि, किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर तत्काल दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

